
विद्यालय में श्री गुरु तेग बहादुर जी का 350वां बलिदान दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):धर्म और मानवता के रक्षक, सिख पंथ के नवम गुरु हिंद की चादर गुरु तेग बहादुर का बलिदान हमें राष्ट्र रक्षा के संकल्प की याद दिलाता है।
सोमवार को सरस्वती शिशु मंदिर मोदीनगर मार्ग, हापुड़ में सिखों के नौवे गुरु साहिब श्री गुरु तेग बहादुर जी का 350 वां बलिदान दिवस अत्यंत श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ योगेंद्र सिंह (प्रचारक यू.पी सिक्ख मिशन एवं विद्या भारती के पूर्व छात्र), लवप्रीत सिंह (योगेंद्र सिंह के सहयोगी), एवं अमित तौज (ग्रंथि ,कलेक्टर गंज गुरुद्वारा हापुड़ ), विद्यालय के प्रधानाचार्य (राजीव फोगाट) के द्वारा मां सरस्वती एवं गुरु तेग बहादुर के समक्ष दीप प्रज्जवलन व पुष्पार्चन से हुआ।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुरु जी के सर्वोच्च बलिदान और शिक्षाओं से अवगत कराना था।
गुरु श्रीमान योगेंद्र सिंह ने अपने अनमोल विचारों में गुरु तेग बहादुर के जीवन दर्शन और ‘हिन्द की चादर’ के रूप में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को धर्म, सत्य और मानवीय मूल्यों की रक्षा के लिए गुरु जी द्वारा दिए गए बलिदान से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
कलेक्टर गंज गुरुद्वारे के गुरु श्रीमान अमित तौज ने अपने संबोधन में गुरुवाणी के महत्व और गुरु तेग बहादुर की सहिष्णुता की शिक्षाओं पर विस्तृत विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि गुरु का बलिदान हमें सिखाता है कि हमें अन्याय के विरुद्ध खड़े होना चाहिए और सभी धर्मों का सम्मान करना चाहिए।
“धर्म का अर्थ सबके साथ अच्छा व्यवहार और सेवा है।”
अंत में प्रधानाचार्य (राजीव फोगाट)ने बताया मुगल बादशाह औरंगज़ेब द्वारा जबरन धर्म परिवर्तन के आदेश को अस्वीकार करते हुए, गुरु जी ने धर्म, मानवीय मूल्यों और सिद्धांतों की रक्षा के लिए दिल्ली में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।गुरु तेग बहादुर जी का बलिदान मानव इतिहास में अद्वितीय है। उनका जीवन हमें सिखाता है कि हमें हमेशा सत्य और धर्म के मार्ग पर चलना चाहिए और दूसरों की भलाई के लिए निस्वार्थ सेवा करनी चाहिए।
विधर्मियों द्वारा जहां गुरु तेग बहादुर जी का शीश धड़ से अलग किया गया, वह स्थान आज दिल्ली में चांदनी चौक के निकट गुरुद्वारा शीशगंज के नाम से जाना जाता है।अंत में उन्होंने अतिथिगण का आभार व्यक्त कर कार्यक्रम का समापन किया।
एक कॉल पर लगवाएं रेडीमेड बाउंड्री : 9027125102, 9105625102 || शानदार क्वालिटी































