
परख मिडलाइन असेसमेंट परीक्षा मे शामिल हुए छात्र- छात्राएं
हापुड, सीमन/सुरेश जैन (Ehapurnews.com): हापूड जनपद के समस्त राजकीय विद्यालयों में परख मिडलाइन असेसमेंट परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हो गई।
जनपद हापुड़ के समस्त राजकीय विद्यालयों में परख मिडलाइन असेसमेंट परीक्षा सोमवार को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। यह परीक्षा कक्षा 9 के सभी विद्यार्थियों के लिए आयोजित की गई, जो एक साथ समस्त प्रदेश में कराई गई।
परीक्षा में हिंदी, गणित, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान विषयों से प्रश्न पूछे गए। कुल 60 प्रश्न थे, जिनमें प्रत्येक विषय से 15-15 प्रश्न सम्मिलित थे। परीक्षा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के अधिगम स्तर का आकलन करना तथा उनकी शैक्षिक कठिनाइयों की पहचान करना है।
अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा के परिणामों के आधार पर विद्यार्थियों की कमजोरियों को चिन्हित कर उपचारात्मक शिक्षण के माध्यम से उनके अधिगम स्तर को सुदृढ़ किया जाएगा, जिससे शैक्षिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो सके।
यह परीक्षा समग्र शिक्षा माध्यमिक के अंतर्गत आयोजित की गई। जिला समन्वयक श्रीमती दीपा तोमर, नोडल अधिकारी श्री अमित कुमार शर्मा एवं श्री प्रवेश कुमार के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में जनपद के समस्त विद्यालयों में परीक्षा पूर्णतः शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
परीक्षा की पारदर्शिता एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए राजकीय हाईस्कूल लालपुर, हापुड़ तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज नूरपुर मढैया, हापुड़ में जिला समन्वयक श्रीमती दीपा तोमर एवं नोडल अधिकारी श्री अमित कुमार शर्मा द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।
विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों द्वारा परीक्षा संचालन में पूर्ण सहयोग प्रदान किया गया, जिससे परीक्षा व्यवस्था सुचारु बनी रही।
मोना ड्रीम गैलरी से 999/- की शॉपिंग पर 1 GIFT FREE: 9927143205, 7817840559





























