
अंतरिक्ष सप्ताह में शामिल होकर छात्र हुए गदगद
हापुड, सीमन (ehapurnews.com):हापुड के श्री शांतिस्वरूप कृषि इण्टर कॉलेज में भौतिकी मंच के तत्वावधान में चल रहे “अंतरिक्ष सप्ताह” का शुक्रवार को समापन हो गया। अन्तिम दिवस पर बच्चों के बीच “कैलेंडर बनाओ” प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। कार्यक्रम संयोजन एवं भौतिकी प्रवक्ता डॉ० अजय कुमार मित्तल के नेतृत्व में जूनियर वर्ग और सीनियर वर्ग में कुल 30 बच्चों ने सन् 2026 का कैलेंडर विभिन्न रूपों में बनाकर प्रस्तुत किया जिसका मूल्यांकन भूगोल प्रवक्ता मो०असलम, रसायन प्रवक्ता अरविंद कुमार और हिन्दी प्रवक्ता सुशील कुमार और कला अध्यापक रामकुमार ने किया। प्रतियोगिता में अदृश ने प्रथम स्थान, अंकुर ने द्वितीय स्थान और कार्तिक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य प्रभुदयाल जयन्त ने की। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए। भौतिकी प्रवक्ता डॉ० अजय मित्तल और युगल किशोर शर्मा ने नूतन वर्ष पर बच्चों के उज्जवल भविष्य के प्रति शुभकामनाओं के साथ सभी प्रतिभागियों को स्टेशनरी किट और डायरी बाँटी जिन्हें पाकर बच्चों के चेहरे खिल गये।
कार्यक्रम के अंत में डॉ अजय मित्तल ने लगभग 50 बच्चों को पृथ्वी की उत्पत्ति और उसके रहस्य, काल-यात्रा, अंतरिक्ष में तारों की पारस्परिक तुलना और उनका बनना व टूटना आदि रहस्यपूर्ण तथ्यों से जुड़ी लघु-फ़िल्में दिखाई जिन्हें देखकर बच्चे बहुत रोमांचित हुए। अंत में प्रधानाचार्य प्रभुदयाल जयंत ने भौतिकी मंच के द्वारा आयोजित इस अनोखे अंतरिक्ष साप्ताहिक कार्यक्रम के आयोजन के लिए भौतिक विज्ञान विभाग का धन्यवाद अर्पित करते हुए भविष्य में इसी प्रकार के आयोजन करते रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में करण, व्योम, हिमांशु, आदर्श, वंश, अंकुर, संजीव, मयंक, केशव, शिवा, दक्ष, संदीप ने विशेष सहयोग किया।
हेल्थ इंश्योरेंस पर वाहनों के इंश्योरेंस हेतु संपर्क करें: 9756129288 || उत्कृष्ट विहान ||

























