हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ की गढ़मुक्तेश्वर तहसील के गांव शाहपुर में एक प्राथमिक स्कूल में बच्चों को मजदूर बनाया गया और उनके ईंटें ढुलवाई गई। मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया जिसपर संज्ञान लेते हुए बीएसए अर्चना गुप्ता ने कार्रवाई करते हुए प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया।
बता दें कि मामला शनिवार का है जब गांव शाहपुर के एक परिषदीय स्कूल में छात्रों को श्रमिक बनाया गया और चहारदीवारी निर्माण के लिए उनसे ईंटें ढुलवाई गई। परिषदीय स्कूल का यह शर्मनाक वीडियो वायरल होने पर विभाग की किरकिरी होने लगी जिसके बाद बीएसए अर्चना गुप्ता ने खंड शिक्षा अधिकारी की रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए प्रधानाध्यापक लताफत अली को निलंबित कर दिया। बता दें कि वैसे तो श्रम विभाग जगह-जगह जाकर छापे मार कार्रवाई कर रहा है लेकिन इस मामले में श्रम विभाग पीछे नजर आ रहा है। वहीं एक बात और चिंताजनक है। श्रमिकों के नाम के पैसे तो लिए गए होंगे लेकिन छात्रों द्वारा श्रम कराने पर कितने पैसे भ्रष्टाचारी हजम कर गए यह एक सवाालिया निशान है।


























