
50 लाख से लगेंगी स्ट्रीट लाइटें , टेंडर प्रक्रिया शुरू
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण ने आनंद विहार कॉलोनी के निवासियों के लिए करीब 50 लाख रुपये की लागत से पथ प्रकाश व्यवस्था को नया रूप देने जा रहा है। योजना के तहत कॉलोनी की रोड संख्या दो, छह, सात और आठ पर करीब 260 नई एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। मौजूदा 250 वाट की पुरानी सोडियम लाइटों को हटाकर उनकी जगह ऊर्जा-बचत करने वाली 120 वाट की आधुनिक एलईडी लाइटें लगेंगी। खास बात यह है कि हर पोल पर दो-दो एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी, ताकि रात के समय रोशनी और भी बेहतर हो सके।
आपको बता दें कि आनंद विहार में करीब एक हजार परिवार रहते हैं, लेकिन जगह-जगह लाइटें खराब होने, तार व पैनल क्षतिग्रस्त होने से लोगों को रात में काफी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। अब यह समस्या दूर होगी। प्रभारी सचिव अमित कादियान ने बताया कि प्राधिकरण ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। एलईडी लाइटें लगने के बाद न केवल कॉलोनी की सड़कें जगमग होंगी, बल्कि बिजली की खपत भी काफी कम हो जाएगी। निवासियों का कहना है कि यह कदम कॉलोनी की सुरक्षा और आवागमन दोनों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।
एक घर हो अपना…. अब पूरा होगा सपना… संपर्क करें: 9756129288 पर






























