हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव अकडोली में चोरों ने नौ किसानों की स्टाटर और केबिल को अपना निशाना बनाया। वहीं एक किसान की तो चोर मोटर भी चोरी कर ले उड़े। गुरुवार की सुबह जब किसान खेतों पर पहुंचे तो उन्हें चोरी की जानकारी हासिल हुई जिसके बाद उन्होंने पुलिस को मामले से अवगत कराया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार हाफिजपुर क्षेत्र के गांव अकडोली में बुधवार की शाम किसान खेतों से अपने-अपने घर लौट गए थे। जब वह गुरुवार की सुबह खेतों पर पहुंचे तो पता चला कि चोरों ने अभिनव सिद्धू, टीटू चीमा, गुड्डू सिद्धू, मनु सिद्धू, महिपाल चीमा, जयवीर चीमा, धारा सिंह के खेतों में लगी ट्यूबवेल से स्टार्टर और केबिल चोरी कर लिए जबकि वीर सिद्धू की मोटर भी चोरी कर ले गए। इसके बाद किसानों ने पुलिस को मामले से अवगत कराया। चोरी से किसानों में नाराजगी है जिनका कहना है कि पुलिस ग्रामीण इलाकों में भी गश्त बढ़ाए।





























