हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ और एसओजी टीम ने एक अंतरराज्यीय अवैध मादक पदार्थ तस्कर गिरोह का खुलासा करते हुए छह को गिरफ्तार किया है जिनके कब्जे से पुलिस ने 20 लाख रुपए कीमत का 200 किलोग्राम गांजा, एक कैंटर, एक इनोवा कार और 20 हजार 100 रुपए की नकदी बरामद की है. पुलिस ने इस दौरान छह आरोपियों से सात मोबाइल भी बरामद किए हैं.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह शातिर तस्कर पुलिस से बचने के लिए आर्मी की वर्दी का इस्तेमाल करते थे.
अपने साथियों की मदद से तस्कर उमेश आर्मी मैन बनकर केंटर में घरेलू सामान की आड़ में उड़ीसा से लाकर गांजा सप्लाई करता था. यह सारा गोरखधंधा दीपक की निशानदेही पर चल रहा था. पुलिस ने दीपक, उमेश समेत छह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार बहादुरगढ़ पुलिस और एसओजी टीम वेट रोड पर चेकिंग कर रही थी कि इस दौरान उसने कैंटर को चेकिंग के लिए रोक लिया. पुलिस ने जब जांच की तो मामले से पर्दा उठा. जांच में खुलासा हुआ कि यह तस्कर उड़ीसा से गांजा खरीदकर दिल्ली और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सप्लाई करते हैं. यह भी बताया जा रहा है कि तीन चार महीने पहले तस्कर एक खेप लेकर आए थे और उसकी सप्लाई की थी. यह गिरोह गुरुवार को पुलिस और एसओजी के हत्थे चढ़ गया. पुलिस ने मादक पदार्थ की तस्करी के आरोप में बुलंदशहर निवासी दीपक चौहान, गाजियाबाद निवासी ईश्वर सिंह, सोनू तथा दिनेश व अलीगढ़ निवासी उमेश और कासगंज निवासी राहुल को गिरफ्तार किया है जिनके कब्जे से पुलिस ने बीस लाख रुपए कीमत का 200 किलोग्राम अवैध गांजा, 20 हजार एक सौ रुपए नकद, तस्करी में इस्तेमाल एक कैंटर, इनोवा कार तथा सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं. एसपी ने पुलिस टीम को दस हजार का इनाम दिया है.
VIDEO: बच्चों के दांतों में सड़न हैं तो अभी डेंटिस्ट से संपर्क करें: 7668219093




























