
शामली: पितृ दोष के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले हापुड़ के फर्जी ज्योतिषाचार्य गिरफ्तार
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के कुछ ठग फर्जी ज्योतिषाचार्य बनकर लोगों को पितृ दोष के नाम पर ठगने का कार्य कर रहे थे। ऐसे में जनपद शामली की पुलिस ने दर्ज एक एफआईआर के आधार पर कार्रवाई करते हुए चारों फर्जी ज्योतिषाचार्यों को गिरफ्तार कर लिया है जो गिरोह बनाकर लोगों के साथ ठगी को अंजाम देते थे। आरोपियों से पुलिस ने आठ लाख की नकदी भी बरामद की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम सिंभावली निवासी राजेश उर्फ गंगा शरण, हापुड़ की चंद्रलोक कॉलोनी निवासी जतन, अलीगढ़ के चंडोस निवासी श्रीनिवास, रामपुर निवासी भवानी शंकर हैं। गिरोह का सरगना राजेश उर्फ गंगा शरण है जबकि श्रीनिवास और भवानी शंकर भी हापुड़ की चंद्रलोक कॉलोनी में ही रह रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों को दबोच लिया है जो 50 से अधिक ठगी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। चारों आरोपी खुद को मथुरा, हरिद्वार और काशी के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य बताकर लोगों को झांसे में लिया करते थे।
शामली एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि 20 मार्च 2026 को मोहल्ला नया बाजार निवासी बैटरी व्यापारी अशोक कुमार ने मुकदमा दर्ज कराते हुए पुलिस को बताया था कि कुछ लोगों ने पूजा-पाठ कराने के बहाने उसके घर से करीब 125 से 130 ग्राम सोने के आभूषण ठग लिए हैं जिनकी कीमत करीब 30 लाख रुपए बताई जा रही है। इसके बाद पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की और गिरोह के सरगना समेत चारों आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया। आरोपियों ने बताया कि वह भिक्षा मांगने के बहाने घर में प्रवेश कर पितृ दोष बताकर पूजा पाठ का झांसा देते थे। उन्होंने शामली के व्यापारी अशोक कुमार के यहां से करीब 30 लाख रुपए के आभूषण ठग लिए थे और फरार हो गए थे। आरोपी हापुड़, गाजियाबाद, लखनऊ, मथुरा, जोधपुर, सीतापुर, बुलंदशहर में भी इस तरह की कोई घटनाओं का अंजाम दे चुके हैं। बताया जा रहा है कि चारों आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं जिनसे 8 लाख ₹20,000 नगद के साथ-साथ दो फर्जी ज्योतिष डिग्रियां भी बरामद हुई हैं।
Dhanwantari Distributors का Immurich Capsule अब घर पर बैठे मंगवाएं: 9837700010




























