हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के धौलाना क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित फर्जी लिंग परीक्षण केंद्र का स्वास्थ्य विभाग ने हरियाणा पुलिस के साथ मिलकर खुलासा किया है जहां अवैध रूप से गर्भ में पल रहे बच्चे का लिंग परीक्षण किया जाता था. आरोपियों ने उत्तर प्रदेश के साथ-साथ कई राज्यों में अपना नेटवर्क फैलाया हुआ था. मामले में तीन दलालों चंद्रप्रकाश, बॉबी तथा मोहम्मद हासन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार किया है.
बता दें कि हरियाणा के स्वास्थ्य विभाग को इनपुट मिला कि धौलाना में संचालित अल्ट्रासाउंड सेंटर पर लिंग परीक्षण किया जाता है. हरियाणा पुलिस ने मामले पर निगाह रखनी शुरू कर दी और एक डमी गर्भवती को तैयार कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया और एक दलाल को चिन्हित कर संपर्क किया. एटा निवासी चंद्रप्रकाश ने गर्भवती से संपर्क किया और लिंग परीक्षण कराने के लिए उसने 60 हजार रुपए मांगे.
इसी बीच हरियाणा पुलिस ने स्थानीय स्वास्थ्य विभाग से संपर्क किया. जनपद में अल्ट्रासाउंड करने वाली विंग के नोडल अधिकारी डॉक्टर दिनेश खत्री के साथ हरियाणा के कैथल से आई पुलिस ने ठिकाने पर छापेमारी कर तीन दलालों को दबोच लिया. इन दलालों के पर्स से 10 दलालों के मोबाइल नंबर भी मिले हैं. बता दें कि चंद्र प्रकाश उर्फ अविनाश बघेल पुत्र प्रताप सिंह निवासी उड़ाना सरायनीव जलेसर एटा, मोहम्मद हासन पुत्र शहनाज अख्तर निवासी सेक्टर 1 वैशाली गाजियाबाद तथा बॉबी पुत्र रोहतास निवासी कोटा हरनाथपुर थाना बाबूगढ़ जनपद हापुड़ को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने इस दौरान दलालों से 17,000 भी बरामद किए हैं.




























