हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ की दिल्ली रोड पर स्थित एसएससी कॉलेज के छात्र रुतेश कुमार भारती ने पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में दो गोल्ड मेडल हासिल कर जनपद हापुड़ का नाम पूरे प्रदेश और देश में रोशन किया है जिसके बाद रुतेश कुमार को बधाई देने वालों का तांता लगा है। इंडियन पावरलिफ्टिंग फेडरेशन चैंपियनशिप द्वारा तमिलनाडु के चेन्नई में राष्ट्रीय पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें नेशनल लेवल पर रुतेश कुमार ने दो-दो गोल्ड मेडल जीतकर जिले का मान बढ़ाया है। रुतेश को पहला गोल्ड मेडल 272 किलोग्राम की डेड लिफ्ट मारकर जबकि दूसरा गोल्ड मेडल 93 किलो भार वर्ग में मिस्टर स्ट्रांगेस्ट मैन जूनियर में मिला। रुतेश कुमार ने बताया कि उन्होंने इस सफलता के लिए कड़ा परिश्रम किया है और अपने गुरुओं के मार्गदर्शन पर चलकर इस मुकाम को हासिल किया है। अभी उनका सपना और भी कई प्रतियोगिताओं में जीत हासिल कर प्रदेश और देश का नाम दुनिया में रोशन करना है।
































