हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): त्योहारों के मद्देनजर हापुड़ आरपीएफ ने विशेष अभियान चलाए हुए हैं जहां एक ओर आरपीएफ ने लोगों से बंद फाटक को पार न करने की हिदायत दी तो वहीं बुजुर्गों और दिव्यांगों की सेवा की। इसके साथ ही जहरखुरानी के खिलाफ भी आरपीएफ ने जबरदस्त अभियान चलाया हुआ है।
हापुड़ आरपीएफ थाना प्रभारी निरीक्षक सुभाष यादव ने बताया कि आगामी त्योहारों के चलते ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। इसके साथ ही रेलवे ट्रैक पर भी कुछ लोग जल्दबाजी के चलते बंद फाटक को नीचे से झुककर पार करने लगते हैं जो कभी भी जानलेवा साबित हो सकता है। ऐसे में आरपीएफ मैदान में उतरी और लोगों से बंद फाटक पार न करने की अपील की और चेतावनी दी कि भविष्य में यदि कोई पकड़ा जाता है तो रेलवे उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगा।
त्योहारों के मद्देनजर अक्सर ट्रेनों में जहर खुरानी की घटनाएं भी बढ़ जाती हैं। इसके चलते आरपीएफ ने प्लेटफार्म और ट्रेनों में विशेष अभियान चलाया और लोगों को जहर खुरानी के खिलाफ जागरूक किया और संदिग्धों की तलाशी भी ली। वहीं रेलवे के ट्रैक के आसपास घूमने वाले लोगों को रेलवे ट्रैक से दूर रहने की हिदायत दी गई। आरपीएफ ने गुरुवार की रात को बुजुर्ग और दिव्यांगों की सेवा भी की। बता दें कि बुजुर्गों, बच्चों, महिलाओं, दिव्यांगों की सेवा के लिए आरपीएफ ने एक विशेष अभियान समसार यानी सामाजिक सरोकार चलाया हुआ है जिसमें आरपीएफ के जवान यात्रियों का सहारा बनकर उन्हें उनकी मंजिल तक पहुंचाते हैं।




























