हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : राष्ट्रीय लोकदल जनपद हापुड़ के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की रविवार को हापुड़ में सम्पन्न हुई एक बैठक में संगठन को मजबूत करने और शहरी निकाय चुनाव में गठबंधन की सहयोगी समाजवादी पार्टी के सहयोग से रालोद प्रत्याशियों को उतारने का निर्णय लिया गया। लखीमपुर खीरी के निघासन कांड के पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपए की आर्थिक मदद देने की मांग की गई। बैठक के बाद रालोद पश्चिमी उत्तर प्रदेश शहरी निकाय चुनाव के संयोजक व भूतपूर्व विधायक गजराज सिंह ने कहा कि सपा से मिलकर रालोद निकाय चुनाव लड़ेगा।
रालोद के प्रदेश प्रवक्ता चौधरी अजयवीर सिंह ने कहा कि रालोद और समाजवादी पार्टी का मजबूत गठबंधन है। राष्ट्रीय नेतृत्व जो भी निर्णय लेगा उसी के अनुसार निकाय चुनाव लड़ेंगे। इस मौके पर नानकचंद शर्मा, हेमचंद मिश्रा, मनोज तेवतिया, प्रो.अब्बास अली, शिवकुमार त्यागी, डा. नजमुद्दीन, अशोक त्यागी आदि उपस्थित थे।




























