हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): राष्ट्रीय लोकदल के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हापुड़ के तहसील चौराहा पर सोमवार को एकत्र होकर गन्ने का लाभकारी मूल्य घोषित करने की मांग की और कहा कि सरकार जल्द से जल्द गन्ने का लाभकारी मूल्य घोषित करें। इसके पश्चात रालोद के नेता, पदाधिकारी पोस्ट ऑफिस पहुंचे और मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर लाभकारी मूल्य घोषित करने की मांग की।
किसान संदेश अभियान के प्रभारी सुनील रोहटा ने बताया कि सोमवार को पूरे प्रदेश में तहसील मुख्यालय तथा जिला मुख्यालय पर यह अभियान चलाया गया जहां रालोद के कार्यकर्ताओं द्वारा मुख्यमंत्री के नाम पत्र लिखकर आगामी सत्र के लिए लाभकारी मूल्य घोषित करने की मांग की। हापुड़ के तहसील चौराहे पर इकट्ठा हुए रालोद के कार्यकर्ताओं ने चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और जमकर नारेबाजी की। साथ ही सरकार को कोसा।
रालोद का कहना है कि किसान बेहद परेशान हैं। ऐसे में किसानों के हित में सरकार को लाभकारी मूल्य घोषित करना चाहिए। अपनी मांगों के समर्थन में रालोद के कार्यकर्ता पोस्ट ऑफिस पहुंचे और मुख्यमंत्री के नाम पत्र भेजा। इस दौरान पूर्व विधायक गजराज सिंह, रालोद जिलाध्यक्ष गौरव प्रताप, मनोज तेवतिया, प्रोफेसर अब्बास अली, हेमंत मिश्रा आदि मौजूद रहे।




























