
गौवंश संरक्षण पर समिति की समीक्षा बैठक
हापुड, सूवि(ehapurnews.com):निराश्रित गोवंशों के संरक्षण एवं भरण-पोषण हेतु जनपद स्तरीय अनुश्रवण एवं मूल्यांकन समीक्षा समिति की बैठक मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी हापुड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गयी। बैठक में जनपद हापुड़ के समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, समस्त अधिशासी अधिकारी, न०पा०परि०, नाबार्ड प्रबन्धक, समस्त उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी / पशु चिकित्साधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी तथा डा० ओ०पी० मिश्रा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, हापुड़ एवं अन्य सम्बन्धित अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी, हापुड़ द्वारा जनपद में संचालित समस्त 36 गो आश्रय स्थलों की समीक्षा की गयी तथा पायी गयी कमियों के विषय में निर्देशित किया गया कि गो आश्रय स्थलों पर केयर टेकर 24 घण्टे उपलब्ध रहे, चारा-पानी की पर्याप्त व्यवस्था रहे और मृत गोवंशों का शव निस्तारण समयबद्ध वैज्ञानिक विधि से किया जाये। सभी अभिलेख पूर्ण रखे जायें तथा बारिश के कारण हो रहे कीचड़ की समस्या के समाधान हेतु मिट्टी भराव कराकर खड़ण्जा लगवाया जाये। गढ़मुक्तेश्वर में बाढ की समस्या के दृष्टिगत गो आश्रय स्थलों में जल-भराव की स्थिति के बारे में विस्तृत चर्चा की गयी। सम्बन्धित पशु चिकित्साधिकारी एवं खण्ड विकास अधिकारी द्वारा बताया गया कि गो आश्रय स्थलों में बाढ की समस्या नहीं है। समस्त उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनपद की प्रत्येक तहसील में चारागाह की भूमि का चिन्हांकन करते हुए चारा बोया जाये। समस्त उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी / पशु चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया गया कि समस्त गो आश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों में टीकाकरण का कार्य शत-प्रतिशत किया जाये। डा० ओ०पी० मिश्रा, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी, हापुड़ द्वारा जनपद में बन रहे नवीन वृहद गौ संरक्षण केन्द्र, शेखपुर खिचरा प्रथम, हिण्डालपुर, हिम्मतपुर, पारपा के निर्माण की प्रगति से अवगत कराते हुए बताया गया कि शेखपुर खिचरा प्रथम के निर्माण का कार्य पूर्ण हो चुका है। केन्द्र पर विद्युत कनेक्शन एवं सोलर प्लान्ट का कार्य प्रगति पर है, शीघ्र ही संचालन प्रारम्भ कर दिया जायेगा। निर्माणाधीन वृहद गो संरक्षण केन्द्र, पारपा, हिण्डालपुर, हिम्मतपुर में निर्माण का कार्य 40 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। श्री हिमांशु गौतम, मुख्य विकास अधिकारी, हापुड़ द्वारा समस्त अधिशासी अधिकारी, न०पा०परि०, जनपद हापुड़ को निर्देशित किया गया कि नवीन कान्हा गोशाला के निर्माण हेतु भूमि का चिन्हांकन किया जाये तथा नगरीय क्षेत्रों में पाले जा रहे पशुओं का पंजीकरण किया जाये एवं कोई पशुपालक गोवंशों को खुले में छोड़ता है तो उसके विरूद्ध दण्डात्मक कार्यवाही की जाये।
The Raymond Shop से उठाएं 50% तक सेल का फायदा: 9149331926

































