हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव ठेरा बहावपुर के जंगलों में दो सांड लड़ते-लड़ते खुले कुए में जा गिरे। मौके पर मौजूद किसानों की नजर सांडों पर पड़ी जिन्होंने स्थानीय पुलिस को मामले से अवगत कराया। पुलिस ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद क्रेन की सहायता से दोनों सांडों को बाहर निकाला। जगह-जगह स्थित कुओं का मुंह खुला हुआ है जिसकी वजह से इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं।
मामला गुरुवार का है जब गांव ठेरा बहावपुर के जंगलों में दो सांड आपस में भिड़ गए। दोनों सांडो की लड़ाई इतनी जबरदस्त थी कि वह एक पास मौजूद कुए में जा गिरे। सांडों की आवाज सुनकर आसपास काम कर रहे किसान कुएं के पास पहुंचे तो पुलिस को मामले से अवगत कराया। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत कर दोनों सांडों का रेस्क्यू किया। बता दें कि एक युवक कुएं में उतरा जिसने दोनों को बेल्ट बांधी और रस्सी के सहारे क्रेन की मदद से सांडों को ऊपर खींच कर उन्हें बाहर निकाला। ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने सफलता हासिल की।




























