हापुड़, सीमन (hapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना गढ़मुक्तेश्वर में एक मरीज के इलाज में लापरवाही बरतने से मरीज की मौत का मामला सामने आया है। इलाज में लापरवाही बरतने के आरोप में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर स्टार न्यू भारत हॉस्पिटल के प्रबंधक बलविंदर कौर, डॉ अनिल शर्मा, डॉक्टर सोनिया शर्मा समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आपको बता दें कि मामला 18 अगस्त का है जब गढ़मुक्तेश्वर के स्टार न्यू भारत अस्पताल में गांव दौताई निवासी जीशान को भर्ती कराया गया। जीशान की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।
मृतक के भाई गुलजार पुत्र जब्बार ने आरोप लगाया कि अस्पताल में उसके भाई के इलाज के दौरान लापरवाही बरती गई है और गलत इंजेक्शन लगाया गया है जिससे जीशान की मौत हुई है। पुलिस द्वारा न्याय न मिलने पर मृतक के भाई ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया और कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने स्टार न्यू भारत अस्पताल के प्रबंधक बलविंदर कौर, डॉ अनिल शर्मा, डॉक्टर सोनिया शर्मा पंकज और रचना के खिलाफ धारा 304 ए के तहत मुकदमा दर्ज किया है।



























