हापुड़, सीमन/अशोक तोमर (ehapurnews.com): बदलते मौसम को देखते हुए यातायात पुलिस ने सड़क हादसों में कमी लाने के उद्देश्य से अभियान शुरू कर दिया है। हापुड़ के अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में यातायात प्रभारी मनु चौधरी ने अन्य पुलिसकर्मियों के साथ सड़कों पर दौड़ रहे ट्रैक्टर ट्रॉली के पीछे रिफ्लेक्टर लगाए। कोहरा और रात के समय यह रिफ्लेक्टर बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं जिससे अन्य वाहन को दूर से ही आगे चल रहा वाहन नजर आ जाता है और सड़क हादसों में कमी आती है।
मंगलवार को सिंभावली शुगर मिल और आसपास के क्षेत्रों में यह अभियान चलाया गया जहां ट्रैक्टर ट्रॉली के पीछे रिफ्लेक्टर लगाए गए। आने वाले दिनों में गन्ना धुलाई के चलते ट्रैक्टर ट्रालियाँ सड़कों पर उतरती है। ऐसे में पीछे चल रहे वाहन को ट्राली नज़र आए और वह उचित दूरी बनाए रखे इसके लिए यह अभियान चलाया गया। एएसपी मुकेश मिश्रा ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।


























