हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ में गत 2 दिन से रुक-रुक कर हो रही भारी वर्षा से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है और कारोबार ठप सा हो गया। बाजारों में ग्राहक तथा स्कूलों में छात्रों की उपस्थिति कम रही। शहर के निचले तथा संपर्क मार्गो पर पानी खड़ा हो गया है। कटने को तैयार धान पानी में डूब गया है। रामलीला मैदान पूरी तरह जलमग्न हो गया और नुकसान होने से दुकानदारों के चेहरे मुरझा गए हैं।
कोरोना काल के बाद हापुड़ की रामलीला को देखने के लिए भीड़ उमड़ने की उम्मीद से खेल तमाशा, सर्कस, मौत का कुआं, झूले आदि के दुकानदारों ने हापुड़ के रामलीला मैदान में डेरा डाल लिया और दुकानें लगानी शुरू कर दी। वर्षा ने दुकानदारों के अरमानों पर पानी फेर दिया। वर्षा से दुकानदारों का काफी नुकसान है। अब दुकानदार इस उम्मीद के साथ दुकानों को ठीक करने में जुटे हैं की वर्षा थमने के बाद रामलीला देखने के लिए लोगों की भीड़ आएगी और उन्हें रोजगार मिलेगा।
































