
राजपाल हत्याकांड: पत्नी ने प्रेमी के साथ की थी पति की हत्या
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र के आदर्श नगर में हुई राजपाल की हत्या का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लाठी भी बरामद की है। क्षेत्राधिकारी गढ़मुक्तेश्वर स्तुति सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक की पत्नी रजनी और उसके प्रेमी बंटी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के बीच पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध थे जिसका राजपाल ने विरोध किया तो आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
17 मार्च की रात को राजपाल को रास्ते से हटाने के लिए पत्नी और उसके प्रेमी ने योजना बनाई। राजपाल गहरी नींद में सो रहा था जिसके बाद दोनों आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। उन्होंने लाठी से राजपाल के सिर और चेहरे पर कई बार वार किया जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने शव कंटीले तारों से बरामद किया और मामले में जांच शुरू की। मृतक के पुत्र की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया और पत्नी और उसके प्रेमी को पुलिस ने आदर्श नगर स्थित निवास से गिरफ्तार कर लिया।
S.C.M. Global School || Admission Open : FREE admission charges for 100 students: 7618333399






























