प्रेमचंद लोहिया मैमोरियल ट्रस्ट ने असोड़ा पंचायत घर में मनाया गया निक्षय दिवस
कार्यक्रम में डीटीओ डा. राजेश सिंह ने दी क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम की जानकारी
निजी क्षेत्र में काम करने वाली अन्य संस्थाओं से भी आगे आने की अपील
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़, 15 जनवरी, 2023। शासन के निर्देश पर निजी क्षेत्रों से सहयोग लिए जाने के निर्देशों के क्रम में रविवार को क्षय रोग विभाग के आव्हान पर प्रेमचंद लोहिया मैमोरियल ट्रस्ट ने असोड़ा गांव स्थित पंचायत घर में निक्षय दिवस मनाया गया। मैमोरियल के चैरिटेबल चिकित्सालय के चिकित्सकों ने पंचायत घर में ओपीडी की, ओपीडी का कुल 85 लोगों ने लाभ उठाया। चिकित्सकों ने क्षय रोग से मिलते – जुलते लक्षणों वाले नौ लोगों के बलगम के नमूने भी लिए। इन्हें जांच के लिए क्षय रोग विभाग को भेजा गया है। कार्यक्रम में जिला क्षय रोग अधिकारी डा. राजेश सिंह और एसटीएलएस बृजेश कुमार भी पहुंचे थे। ओपीडी में ट्रस्ट की ओर से डा. मनिंदर सानिवाल, डा. पीएस अग्रवाल, डा. डीके अग्रवाल, एलटी यासीन, विनोद कुमार और ईश्वर का सहयोग रहा।
पंचायत घर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को जिला क्षय रोग अधिकारी डा. राजेश सिंह ने क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2025 तक भारत को टीबी मुक्त करने का संकल्प लिया है और यह संकल्प तभी पूरा हो सकता है जब भारत का प्रत्येक नागरिक इसे अपना संकल्प मानकर काम करे। उन्होंने बताया सभी के सामुहकि प्रयास से क्षय रोगियों की जल्दी पहचान का प्रयास किया जाना है। यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक खांसी, खांसी के साथ बलगम या खून आता हो, बुखार रहता हो, वजन कम हो रहा हो, जल्दी थकान हो जाती हो, सीने में दर्द रहता हो या रात में सोते समय पसीना आता हो। तो यह टीबी के लक्षण हो सकते हैं, ऐसी व्यक्ति की नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच करानी है।
डीटीओ ने बताया – क्षय रोग होने पर अपमानित महसूस करने या छिपाने की जरूरत नहीं है। अन्य रोगों की तरह यह भी एक रोग है जो नियमित उपचार के बाद पूरी तरह ठीक हो जाता है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से क्षय रोग का बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाता है। यदि कोई व्यक्ति रोग को छुपाता है और जांच नहीं कराता तो टीबी का संक्रमण सांस के जरिए उसके अपनों को भी अपनी जद में ले लेता है। इसलिए लक्षण आने पर तुरंत जांच कराएं। सरकार की ओर क्षय रोग की जांच और उपचार का प्रावधान है। उन्होंने निक्षय दिवस के आयोजन के लिए प्रेमचंद लोहिया मैमोरियल ट्रस्ट का आभार जताया और अन्य संस्थाओं से भी इसी तरह आगे आने की अपील की। एसटीएलएस बृजेश कुमार ने बताया – सरकार की ओर से हर क्षय रोगी को उपचार जारी रहने तक पांच सौ रुपए प्रतिमाह का पोषण भत्ता उसके बैंक खाते में उपलब्ध कराया जाता है।


























