हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में शुक्रवार की रात शुरु हुआ बिजली चैकिंग अभियान शनिवार सुबह लगभग साढ़े सात बजे खत्म हुआ। इस दौरान कटिया डालकर मस्त नींद में सो रहे लोगों पर बिजली विभाग ने शिकंजा कस दिया और बिजली चोरी तथा ओवरलोडिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। इस दौरान कुल 28 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। विधुत वितरण खंड 3 गढ़ के उपकेन्द्र रमपुरा में अवैध रूप से की जा रही विद्युत आपूर्ति के विरुद्ध छापेमारी की गई।

बता दें कि जनपद हापुड़ में लगातार बिजली चोरी की शिकायतें विभाग को मिल रही थी जिसके बाद जिलाधिकारी अनुज सिंह ने विभाग के अधिकारियों के साथ शुक्रवार को एक बैठक की जिसमें बिजली चोरों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसी कड़ी में गढ़ एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के. पी. पूरी के निर्देशन में शुक्रवार की रात को गढ़ शहर व ग्रामीण इलाको में विशेष अभियान चलाया गया। एग्जीक्यूटिव इंजीनियर बिना किसी पुलिस बल के अपनी ही टीम के साथ मैदान में उतर गए और 26 बिजली चोरी तथा दो ओवरलोडिंग के मामले सामने आए जिनपर विभाग ने कार्रवाई की है।
विभाग ने गढ़ के गांव दत्तियाना में छह बिजली चोरों के खिलाफ, मुरादपुर में 14 बिजली चोरों के खिलाफ, फरीदपुर गोसाई में छह को रंगे हाथ पकड़कर कार्रवाई की है। वहीं शहर में दो लोगों पर विभाग ने शिकंजा कसा है। विभाग ने कुल 28 पर कार्रवाई की है जिनमें से 26 चोरी के मामले हैं तथा दो ओवरलोडिंग के।

Our Trending Story: हापुड़: महाराष्ट्र पुलिस द्वारा गिरफ्तार सर्राफ गौरव अग्रवाल कौन है? जानें
























