हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ के अतरपुरा चौपला पर पुलिस ने नियम विरुद्ध चल रहे वाहनों के खिलाफ जबरदस्त कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने 23 वाहनों के चालान किए जबकि एक बुलेट को सीज किया।
हापुड़ में शुक्रवार की शाम को अतरपुरा चौराहे पर पुलिस मैदान में उतर आई और मोर्चा संभालते हुए नियम विरुद्ध चल रहे वाहनों के खिलाफ जमकर कार्रवाई की। पुलिस ने गाड़ी के शीशे पर लगी ब्लैक फिल्म को उतरवाया, दोपहिया वाहनों पर ट्रिपलिंग करने वालों के खिलाफ शिकंजा कसा, पटाखे छोड़ने वाली बुलेट मोटरसाइकिल के खिलाफ कार्रवाई की और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर चालान का हंटर चलाया। दरोगा विनोद कुमार, हेड कांस्टेबल रवि कुमार के साथ-साथ अन्य पुलिसकर्मी व होमगार्ड के जवान इस दौरान मौजूद रहे जिन्होंने कुल मिलाकर 23 वाहनों के चालान कर एक बुलेट मोटरसाइकिल को सीज किया।




























