हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ की मेरठ रोड पर स्थित नेहरू नगर में एक महिला को पिटबुल कुत्ते द्वारा काटने का मामला सामने आया। मामले में कुत्ते के मालिक का कहना है कि कमरे का दरवाजा खुल गया जिसकी वजह से कुत्ते ने बबीता पर हमला कर दिया। वहीं पीड़ित महिला की मांग है कि कुत्ते को यहां से हटाया जाए।
कुत्ते के मालिक श्याम सिंह निवासी नेहरू नगर का कहना है कि मामला 28 दिसंबर का है। उनके घर पर कोई पुरुष मौजूद नहीं था। घर में महिलाएं थी। बबीता उनके घर पर सफाई करती है जो सफाई के लिए घर पहुंची जबकि कुत्ता कमरे में बंद था जो किसी कारण खुल गया और सीधे बबीता पर हमला कर दिया। इस दौरान महिला बुरी तरीके से घायल हो गई। पिटबुल कुत्ते ने पांच जगह महिला को काट लिया। श्याम सिंह का कहना है कि उन्होंने महिला का पूरा सहयोग किया।
पीड़िता बबीता का कहना है कि पिटबुल कुत्ता बेहद खतरनाक है जिसे यहां से हटाया जाए। वरना वह किसी और को अपना निशाना बना सकता है।
बताते चलें कि पिटबुल कुत्ते को लेकर लगातार बहस छिड़ी है। ऐसे में पिटबुल कुत्ते का यह हमला कई सवाल खड़े करता है। वहीं स्पष्ट कर दें कि नगर पालिका परिषद हापुड़ में अभी तक किसी ने कुत्ते के पालने के लिए पंजीकरण नहीं कराया है।




























