
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के गांव खैरपुर खैराबाद में सोमवार की रात चढ़त के दौरान ग्रामीणों और बारातियों में जमकर विवाद हुआ। इस दौरान ग्रामीणों ने बारातियों को पीटा जिससे छह लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष थाने पहुंचा और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। दूल्हे के पिता ने 21 आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।

आपको बता दें कि मामला सोमवार की रात का है जब गाजियाबाद के वेबसिटी थाना क्षेत्र के महरौली गांव निवासी सक्षम की बारात पिलखुवा क्षेत्र के गांव खैरपुर खैराबाद आई थी। शादी समारोह गांव के बाहर स्थित मैरिज होम में आयोजित किया गया। चढ़त के दौरान जैसे ही बारात मैरिज होम के पास पहुंची तो ग्रामीणों ने बारातियों पर हमला कर दिया। उस दौरान दूल्हे के मौसेरे भाई मेरठ निवासी विवेक के साथ महरौली निवासी अर्जुन, ध्रुव, पुनीत, संदीप और रॉबिन घायल हो गए। ग्रामीण पर दो गाड़ियों को क्षतिग्रस्त करने के साथ ही लूटपाट का भी आरोप है। बताया जा रहा है कि सड़क के दौरान डीजे पर अपनी पसंद का गाना बजाने को लेकर बारातियों ने डीजे संचालक की पिटाई की थी। डीजे संचालक गांव का ही रहने वाला था जिसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुई। पुलिस का कहना है कि लूटपाट का आरोप गलत है। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Raymond फैशन स्टोर लेकर आए हैं 10-15 % तक का डिस्काउंट: 8791513811 || R. K. PLAZA, RLY ROAD, हापुड़




























