हापुड़, सीमन/ रियाज़ अहमद (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पिलखुवा क्षेत्र के मोहल्ला गढ़ी में नाले की भूमि पर अतिक्रमण कर पक्का निर्माण करने वाले भवन स्वामी के खिलाफ अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हो गई है। कई बार नोटिस देने के बावजूद भी अतिक्रमणकारियों ने अतिक्रमण नहीं हटाया जिसके चलते बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जेसीबी मशीन की मदद से नाले पर अवैध रूप से बनाए गए भवन के खिलाफ कार्रवाई शुरू हो गई है।
दरअसल पांच साल पहले एक व्यक्ति ने नाले की भूमि पर स्थाई निर्माण ही कर लिया जिस कारण नाला निर्माण में समस्या आने लगी। नाला निर्माण न होने की वजह से क्षेत्र में जल भराव की समस्या पैदा हो गई। ऐसे में नगर पालिका के कर्मियों ने कई बार भवन को हटाने के लिए प्रयास किया लेकिन मकान मालिक के विरोध के कारण नगर पालिका अतिक्रमण नहीं हटा सकी। मामले में तीन दिन पहले एसडीएम संतोष उपाध्याय ने नायब तहसीलदार अमरपाल को मजिस्ट्रेट नियुक्त किया और अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए। इस दौरान नोटिस भी जारी किया गया लेकिन अतिक्रमणकारी ने अतिक्रमण नहीं हटाया जिसके बाद पुलिस फोर्स के साथ अधिकारी बुधवार को मोहल्ला गढ़ी पहुंचे और जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। यह नाला मोहल्ला कनखली से प्रारंभ होकर मोहल्ला गढ़ी, गांधी बाजार होते हुए आर्य समाज, रेलवे रोड से चंडी रोड तक बनाने की योजना थी। नगर पालिका द्वारा मोहल्ला कनखली से अवैध निर्माण तक व मकान से गांधी बाजार तक नाले का निर्माण हो चुका था लेकिन मकान के बाहर हुए स्थाई निर्माण के कारण नाले का निर्माण कार्य रुक गया था।
Brainwaves International School में Admission के लिए काल करें: 8279806606































