हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में अस्पताल कर्मी का एटीएम बदलकर 85,000 रुपए निकालने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने अज्ञात युवक के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

मुरादाबाद के गांव हरौरा निवासी हरकिशोर सिंह ने बताया कि वह एक मेडिकल कॉलेज में स्टाफ नर्स के पद पर कार्यरत है। मामला 30 मार्च का है जब वह रुपए निकालने के लिए एटीएम पर गए थे। कार्ड लगाने के बाद रुपए नहीं निकले। इसके बाद पीछे खड़े युवक ने मदद करने को कहा। युवक ने एटीएम लेकर मशीन में लगा पासवर्ड डालने को कहा। पिन डालते समय युवक वहां से गायब हो गया। आरोप है कि युवक ने मशीन में दूसरा एटीएम लगाया था और पिन डालते समय देखकर वहां से गायब हो गया। कुछ देर बाद उसके 85,000 रुपए निकलने का मैसेज मोबाइल पर आता है जिसे देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
होलसेल दामों पर बच्चों के लिए खरीदें स्कूल बैग व फैंसी स्टेशनरी: 9837477500































