हापुड़, सीमन/अशोक तोमर (ehapurnews.com): डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के आह्वान पर सोमवार को हापुड़ के फार्मेसिस्टों ने 20 सूत्री मांगों के समर्थन में बांहों पर काली पट्टी बांध कर कार्य किया और मांगे न मानने पर विरोध व्यक्त किया। फार्मेसिस्टों का यह चरणबद्ध आंदोलन चार दिसम्बर से शुरु हुआ है।
एसोसिएशन की हापुड़ शाखा के अध्यक्ष जी पी गौतम ने बताया कि प्रदेश सरकार लम्बे अर्से से फार्मेसिस्टों की मांगों की अनदेखी कर रही है जिस कारण उनमें रोष व्याप्त है। एसोसिएशन की प्रमुख मांगें है कि प्रदेश में कार्यरत फार्मेसिस्ट एवं संवर्ग के उच्च पदों के वेतनमान पद योग्यता एवं कार्य दायित्व के अनुरुप प्रदान किया जाए। प्रभार भत्ता बढ़ने, पदनाम परिवर्तित किए जाने तथा औषधियों को लिखने अधिकार दिए जाने की मांग की है।
शाखा अध्यक्ष ने बताया कि बांहों पर काली पट्टी बांधकर कार्य करना 8 दिसम्बर तक जारी रहेगा। उसके बाद 9 दिसम्बर से 16 दिसम्बर तक रोजाना कार्य का बहिष्कार होगा और फिर 17 दिसम्बर से 19 दिसम्बर तक पूर्ण कार्य का बहिष्कार होगा। यदि मांग पूरी नहीं की गई तो प्रदेश भर में फार्मेसिस्ट 20 दिसम्बर से पूर्ण हड़ताल पर चले जाएंगे। मांग के समर्थन में लौकेस चौधरी, प्रशांत त्यागी, अनुज, सीमा सिंह आदि ने बांहों पर काली पट्टी बांध कर विरोध व्यक्त किया।
चखें पिज़्जा पराठा का स्वाद: 9358234622, 8535058588




























