हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ जनपद के बेटे और बीएसएफ में एएसआई के पद पर तैनात बलवीर सिंह शुक्रवार को शहीद हो गए। शहीद बलवीर सिंह का पार्थिव शरीर जब बाबूगढ़ के कुचेसर रोड चौपला पर पहुंचा तो उनके अंतिम दर्शन करने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ा। भारत माता की जय और बलवीर सिंह अमर रहे के नारों के साथ इलाका देशभक्ति के रंग में रंग गया। बलवीर सिंह के निधन से हर किसी की आंखें नम है।
बता दें कि जनपद हापुड़ के गांव रसूलपुर बहलोलपुर निवासी बलवीर सिंह सीमा सुरक्षा बल में 71वीं बटालियन में एएसआई के पद पर तैनात थे। बटालियन के असिस्टेंट कमांडेंट मनोज कुमार ने बताया कि बलवीर सिंह अमृतसर के तरनतारन में तैनात थे जिनका उपचार के दौरान शुक्रवार अस्पताल में निधन हो गया।
रविवार को शहीद बलवीर सिंह का पार्थिव शरीर जनपद हापुड़ के कुचेसर रोड चौपला पर पहुंचा जहां हापुड़ सदर विधायक विजयपाल आढ़ती, गढ़मुक्तेश्वर के विधायक हरेंद्र सिंह तेवतिया, गढ़ के पूर्व विधायक कमल सिंह मलिक आदि ने पहुंचकर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और परिजनों को सांत्वना दी। इस दौरान बलवीर सिंह के अंतिम दर्शन और उनके पार्थिव शरीर को कांधा देने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ा। बलवीर सिंह के निधन से परिजनों में कोहराम मचा है। कुचेसर रोड चौपला से बलवीर का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा जहां लोगों ने अंतिम दर्शन किए। अंतिम दर्शन के बाद पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
एक ही दुकान से प्लास्टिक का सारा सामान होलसेल दाम पर खरीदें: 9359986878




























