बृजघाट पर अवैध वसूली से तंग लोग डीएम के दरबार पहुंचे
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पौरणिक तीर्थस्थल बृजघाट के पार्किंग ठेकेदार की गुंडागर्दी से यात्रियों को राहत मिलने के उम्मीद जगी है। जनपद की जिलाधिकारी प्रेरणा शर्मा ने नागरिकों की शिकायत पर बृजघाट के पार्किंग ठेकेदार का ठेका निरस्त कर नया टेंडर जारी करने को कहा है। जिलाधिकारी शनिवार को गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली में थाना समाधान दिवस में नागरिकों की समस्याएं सुन रही थी।
नागरिकों का कहना है कि बृजघाट का पार्किंग ठेकेदार निर्धारित स्थान के अतिरिक्त बृजघाट की गली-गली में बैरिकेट लगा कर अपने लठ्धारी कारिंदे तैनात रखता है, जो डंडों के बल पर यात्रियों से निर्धारित शुल्क से अधिक पार्किंग शुल्क के नाम पर प्रवेश शुल्क वसूलता है और कारिंदे यात्रियों से बुरा बर्ताव भी करते है। बृजघाट पर कार चोर भी सक्रिय रहत है जो वाहन ले उड़ते है।
पार्किंग ठेकेदार गाजियाबाद के पीयूष भारती के विरुद्ध तत्कालीन अधिशासी अधिकारी संजीवनराम ने 13 जुलाई-2022 को धारा 384 के तहत गढ़ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। ठेकेदार पर निर्धारित स्थान के अतिरिक्त अन्य स्थानों पर ज्यादा शुल्क वसूलने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी ठेकेदार के विरुद्ध कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।
नगर पालिका परिषद गढ़मुक्तेश्वर ने दागी ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई करने के स्थान पर उसे ही वसूली के लिए ठेका दे दिया। आरोपी ठेकेदार को ठेका देने में परिषद ने कोई टेंडर नहीं मांगा बल्कि उसी ठेकेदार को पार्किंग शुल्क वसूली का ठेका दे दिया।
नागरिकों की मांग है कि बृजघाट पर सार्वजनिक घोषणा के बोर्ड लगाए जाएं जिन पर ठेकेदारा का नाम व मोबाइल नम्बर, पार्किंग स्थल का नाम, पार्किंग शुल्क की कीमत अंकित हो, साथ ही पुलिस का मोबाइल नम्बर भी अंकित होना चाहिए।
नागरिकों की शिकायत है कि अवैध पुलिस में पुलिस व कर्मचारियों की भी सांठगांठ है क्योंकि बैरीकेट पर वसूली के वक्त पुलिस तैनात रहती है।
घर को दें नया रंग जिंदल #Decor के साथ: 9758302014:




























