हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के गांव धनोरा में तालाब किनारे 10 फीट लंबा अजगर दिखने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने वन विभाग को मामले से अवगत कराया लेकिन जब तक वन विभाग की टीम गांव में पहुंची तब तक अजगर जाकर कहीं छिप गया जिससे ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। मामला शुक्रवार का है जब हापुड़ देहात क्षेत्र के गांव धनोरा में स्थित तालाब के किनारे गांव वालों ने एक 10 फीट लंबा अजगर देखा। ग्रामीणों ने तुरंत वनविभाग को मामले से अवगत कराया। इसी बीच किसी ने अजगर की वीडियो अपने कैमरे में कैद कर ली। जब तक वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तब तक अजगर खेतों में छिप गया जिसकी तलाश लगातार की जा रही है। जंगलों में अजगर के छिपने से ग्रामीण खेतों की ओर जाने से कतरा रहे हैं और उनमें डर बना हुआ है।






























