हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ कोतवाली क्षेत्र की सिकंदर गेट पुलिस चौकी में अवैध पशु कटान की शिकायत पर पहुंची पुलिस पर स्थानीय लोगों द्वारा पथराव करने का मामला सामने आया है। इस दौरान चौकी इंचार्ज घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
आपको बता दें कि मंगलवार को डॉयल-112 पर सूचना मिली कि हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मोती कॉलोनी में अवैध पशु कटान किया जा रहा है। इसके बाद सिकंदर गेट चौकी प्रभारी हेम सिंह सैनी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। इस दौरान एक घर में अवैध कटान के मामले में पुलिस ने एक आरोपी नाजिम को गिरफ्तार कर लिया। जैसे ही पुलिस ने आरोपी को साथ ले जाने का प्रयास किया तो आरोपी के परिवार और मोहल्ले के लोगों ने पुलिस पर जमकर पथराव कर दिया। इस दौरान चौकी इंचार्ज हेम सिंह सैनी घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए गढ़ रोड पर स्थित देवनंदिनी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 30 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है।
CALL TANARA DESIGNS FOR INTERIORS, FURNITURE, DECOR @ 7457852854

























