हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र की एलिवेटेड रोड पर पिलर नंबर-74 के पास मिनी ट्रक का टायर फटने के कारण उस पर सवार तीन लोग फ्लाईओवर से नीचे गिर गए थे जिनमें से एक की उपचार के दौरान मौत हो गई। व्यक्ति की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में लापरवाही और नियम विरुद्ध ट्रक पर बैठने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार मेरठ के मुंडाली क्षेत्र के गांव अजराड़ा के 35 वर्षीय संतराम, बबलू सैनी और विजेंद्र सैनी बुधवार की रात को मिनी ट्रक में फल, सब्जी व फूल लादकर दिल्ली के गाजीपुर मंडी जा रहे थे। तीनों ही किसान मिनी ट्रक में लदी सब्जियों के ऊपर बैठे हुए थे। जैसे ही ट्रक एलिवेटेड रोड पर पहुंचा तो उसका टायर अचानक फट गया जिसकी वजह से ट्रक एक ओर झुक गया और सब्जियों पर बैठे तीनों किसान फ्लाईओवर से नीचे आ गिरे। इस दौरान संतराम गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया जिनमें से संतराम ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रविंद्र ब्रांड: शुद्ध सरसों का तेल: 9837028800, 9917094400




























