हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ के मुख्य मार्ग रेलवे रोड पर स्थित एन.आर. ज्वैलर्स के प्रतिष्ठान पर सशस्त्र बदमाशों द्वारा चार लाख रुपए की सोने की अंगूठियां दिनदहाड़े लूटे जाने की वारदात का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया। लूट की यह वारदात 11 अप्रैल की दोपहर बाद हुई थी। पुलिस ने लूट के अंजाम देने वाले दो लुटेरे व लूट के जेवर खरीदने वाले एक सुनार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि दरोगा जिंतेद्र कुमार पुलिस दल के साथ मेरठ रोड पर गश्त पर थे कि साइलो चौकी तिराहा के पास बाइक सवार दो लुटेरे पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से दो तमंचे, दो कारतूस व बाइक बरामद की है।
पकड़े गए बदमाश जनपद मेरठ के थाना खरखौदा के गांव जाहिदपुर का गौरव व गांव काजीपुर का अमित भड़ाना है तथा लूट के जेवर खरीदने वाला मेरठ के सुभाष नगर का सचिन वर्मा है। आरोपियो के कब्जे से पुलिस ने चार लाख रुपए मूल्य की सोने की आठ अंगूठियां बरामद की है।
बता दें कि 11 अप्रैल को एन.आर. ज्वैलर्स के मालिक राजेंद्र अग्रवाल प्रतिष्ठान पर बैठे हुए थे कि एक नौजवान दुकान पर आया और अंगूठी दिखाने को कहा। ग्राहक बन कर आया बदमाश पलक झपकते ही अंगूठियों का बाक्स ले भागा और अपने साथी के साथ बाइक पर उड़न छू हो गया।
चोरी के जेवरात खरीदने वालों की खोज में हरियाणा, राजस्थान, आंध्रप्रदेश, तमिलनाडू की पुलिस कई बार दबिश दे चुकी है। हापुड़ के आरोपी ज्वैलर्स जमानत पर है।























