हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ के सर्राफा बाजार में कार्य करने वाला स्वर्ण कारीगर सलीम 12 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया जिसका अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है. अन्य स्वर्ण कारीगर सोमवार को सर्राफा बाजार में इकट्ठा हुए और पुलिस से कार्रवाई की मांग की. गुमशुदा सलीम की पत्नी शहनाज़ मंडल का हाल बेहद बुरा है जो लगातार अपने पति को ढूंढने की मांग कर रही हैं.
बता दें कि गफ्फार मंडल का बेटा सलीम मंडल सर्राफा बाजार हापुड़ में स्वर्ण कारीगर के रूप में कार्य करता था जो 12 मई को लापता हो गया. पुलिस ने सलीम की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की लेकिन अभी तक उसका कुछ पता नहीं चल सका है जिससे गुस्साए लोगों ने हापुड़ के सर्राफा बाजार में इकट्ठा होकर सलीम का पता लगाने की मांग की. सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को शांत कराया और सलीम का जल्द पता लगाने का आश्वासन दिया.






























