
सामूहिक विवाह में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों की बढ़ेंगी मुश्किलें: ब्लैक लिस्ट करने व FIR के आदेश
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत वैवाहिक जोड़ों को दिए जाने वाले उपहार में घटिया गुणवत्ता की सामग्री और फटा हुआ टेंट व टूटी हुई कुर्सी लगाने के मामले में जिला प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गौतम ने संबंधित आपूर्तिकर्ता फर्म को ब्लैक लिस्ट करते हुए उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के भी आदेश जारी किए हैं। अब फर्म व ठेकेदारों की मुश्किलें बढ़ती दिख रही है जिससे अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।
मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गौतम ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में उपहार सामग्री की आपूर्ति व आयोजन के लिए टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से नेशनल फेडरेशन ऑफ़ फार्मर्स प्रोक्योरमेंट, प्रोसेसिंग एंड रिटेलिंग को-आप ऑफ़ इंडिया लिमिटेड का चयन जिला स्तरीय क्रय समिति द्वारा किया गया।
इस योजना के तहत सामूहिक विवाह कार्यक्रम 14 फरवरी को प्रस्तावित था जिसे बढ़ाकर 24 फरवरी कर दिया गया। आपको बता दें कि दोनों ठेकेदारों द्वारा तय मानकों के अनुसार उपहार, खाद्य सामग्री, टेंट, कुर्सी आदि नहीं लगाए गए थे। मुख्य विकास अधिकारी ने निरीक्षण के दौरान नाराजगी ज़ाहिर की जिसके बाद हापुड़ के जिलाधिकारी भी मौके पर पहुंचे थे और दोनों ठेकेदारों के साथ-साथ समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को भी जमकर फटकारा। इसके बाद दोनों को कारण बताओं नोटिस जारी किया गया लेकिन जवाब नहीं दिया। ऐसे में मामला गंभीर मानते हुए फर्म को ब्लैक लिस्ट करने के साथ ही उसके खिलाफ प्राथमिकी सूचना रिपोर्ट दर्ज करने के भी आदेश पारित किए गए हैं।
घर बैठे (LOAN) कराएं: 9756129288 || उत्कृष्ट विहान, स्वर्ग आश्रम रोड़, हापुड़ ||






























