हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ की तीर्थ नगरी में एनडीआरएफ की टीम ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जिसमें आम जनमानस, गोताखोरों, नाविकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया. हापुड़ के आपदा विशेषज्ञ गजेंद्र सिंह बघेल ने बताया कि गंगा में अक्सर गहरे पानी में पहुंचने की वजह से लोग डूब जाते हैं, बाढ़ के दौरान जीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है. ऐसी स्थिति में घबराने की जरूरत नहीं है. एनडीआरएफ की टीम ने सभी को प्रशिक्षण दिया कि यदि कोई डूब जाता है तो किस तरह उसका बचाव करना चाहिए. इसके लिए धर्मशाला में भी जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया.
बता दें कि कावड़ यात्रा के दौरान कई मामले ऐसे सामने आए हैं जब शिवभक्त गंगा में बह जाते हैं. ऐसे में गोताखोर और नाविक अहम भूमिका निभाते हैं जिन्हें एनडीआरएफ की टीम ने प्रशिक्षण दिया. एनडीआरएफ ने बताया कि आकाशीय बिजली की चपेट में आने से किस तरह लोगों को बचाया जा सकता है. इस दौरान एसडीएम प्रशासनिक प्रह्लाद सिंह, तहसीलदार विवेक भदौरिया, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी गजेंद्र सिंह बघेल, राजकमल, दीपचंद आदि उपस्थित रहे.




























