हापुड़, सीमन/अशोक तोमर (ehapurnews.com) : हापुड़ के आदर्श नगर कालोनी की दस्तोई रोड की गली नम्बर 4 व5 में नाली व खड़ंजे के निर्माण की मांग लम्बे समय से पूरी न होने के कारण सोमवार को महिलाएं व पुरुष जिला कलैक्ट्रेट पर जा पहुंचे और मांग के समर्थन में आक्रोश व्यक्त किया, साथ ही जिलाधिकारी को समस्या से अवगत कराया।
कालोनी के रामभूल, किरनपाल, राजकुमार, कुसुम, चित्रा, सुदेश देवी सहित सैकड़ों लोग जिला कलैक्ट्रेट पहुंचे। नागरिकों ने बताया कि उनकी कालोनी में नाली, खड़ंजा न होने से गंदा पानी सड़कों पर तैरता रहता है और मक्खी, मच्छर पैदा हो रहे है। नाली, खड़ंजे के निर्माण को लेकर वे कई बार धरने, प्रदर्शन आयोजित कर चुके है, परंतु आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। उन्होंने मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

























