हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के गढ़ कोतवाली के अंतर्गत स्थित चौपला काली मंदिर के पास ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी जिससे बाइक सवार महिला व बच्चे की मौके पर मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए. सूचना पर पहुचीं पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया साथ ही शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
बता दें कि बुलंदशहर के गांव जलालपुर निवासी रिंकू मेरठ में राजमिस्त्री का काम करता है। शनिवार को वह मेरठ से अपने परिवार के साथ बाइक से गांव जलालपुर जा रहा था। दोपहर करीब साढ़े 11 बजे बाइक गढ़ कोतवाली अंतर्गत चौपला काली मंदिर के पास पहुंची तो सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी. ट्रक की टक्कर से बाइक सवार रिंकू की पत्नी 25 वर्षीय पूजा और पांच माह का पुत्र छोटू की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 27 वर्षीय रिंकू, सात वर्षीय पुत्री प्रिया तथा चार वर्षीय पुत्र आरव गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे के बाद मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई. सूचना पर अपनी टीम के साथ पहुंचे गढ़ कोतवाल अभिनव सिंह पुंडीर ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया जबकि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. कोतवाल ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है. ट्रक और ड्राइवर को हिरासत में लेकर कार्रवाई की जा रही है.




























