
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना सिंभावली क्षेत्र की रहने वाली एक विवाहिता ने अपने पति व ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, जबरन गर्भपात कराने, जाती सूचक शब्दों का इस्तेमाल करने, जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसपी से मामले की शिकायत की। कप्तान के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़िता की शादी वर्ष 2018 में गौतम बुद्ध नगर के जितेंद्र के साथ हुई थी जिससे उसे 7 वर्षीय पुत्र है। पति द्वारा शराब के नशे में लगातार मारपीट करने और बाद में परित्याग किए जाने के बाद न्यायालय के आदेश से उसका विवाह विच्छेद हो गया। उसके बाद वह अपने मायके में पुत्र के साथ रहने लगी।
इसी बीच उसकी मुलाकात सिंभावली क्षेत्र के गांव ब्रह्मगढ़ी के नितिन से हुई जिसने पीड़िता को भरोसा दिलाया कि वह उसके बेटे को भी अपनाएगा। परिजनों की सहमति से 18 अप्रैल 2025 को हापुड़ में एक मंदिर में हिंदू रीति रिवाज से दोनों का विवाह हुआ। इसमें पीड़िता के स्वजन ने आभूषण और घरेलू सामान भी दिया। विवाह के बाद पति नितिन और उसकी मां सूरजमुखी ने दहेज को लेकर पीड़िता को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। पति शराब के नशे में आकर उसके साथ मारपीट करता। सास ने दहेज में दो लाख लाने का दबाव बनाया। इसी बीच वह गर्भवती हो गई तो सास ने जबरन गर्भपात करा दिया और जबरन कुछ कागजों पर हस्ताक्षर करा लिए। इसके बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहिता को निकाल दिया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।























