हापुड़, सीमन(ehapurnews.com):हापुड़ के श्रीमती कमला अग्रवाल गर्ल्स इंटर कॉलेज में गुरुवार को वार्षिक परीक्षा में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र- छात्राओं के लिए पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक निशा अस्थाना, विशिष्ट अतिथि बेसिक शिक्षा अधिकारी अर्चना गुप्ता, उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित व पुष्प अर्पण कर की गई। इसके पश्चात प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया तथा एक नई पहल करते हुए छात्र छात्राओं को उन्हीं के अभिभावकों द्वारा पुरस्कृत करवाया गया। इसी बीच छात्राओं ने कुछ मनमोहक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। कार्यक्रम की शोभा देखकर सभी मंत्रमुग्ध थे, जिसमें रिद्धि सहगल व माही चौधरी को विद्यालय प्रबंधक योगेंद्र अग्रवाल द्वारा नगद धनराशि देकर पुरस्कृत किया गया। विद्यालय निदेशक सुनील कांत ने सभी छात्र- छात्राओं को आने वाले भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी । इस मौके पर प्रधानाचार्या श्रीमती पारुल शर्मा ने आए हुए अतिथियों का आभार प्रकट करते हुए हृदय की गहराइयों से स्वागत किया और नए सत्र के प्रारंभ के लिए सभी छात्र- छात्राओं को शुभ आशीष दिया । कार्यक्रम में उपस्थित सभी अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त की।






























