हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ के उच्च प्राथमिक विद्यालय दोयमी में “सुपर क्लास” के तत्वावधान में भारतीय महान गणितज्ञ श्रीनिवासन रामानुजन के जन्मदिन के अवसर पर “राष्ट्रीय गणित दिवस २०२१” को अनेक तरह की गणितीय क्रियाओं के माध्यम से बुधवार को एक कार्यशाला आयोजित करते हुए मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दिलशाद अली (प्रधानाचार्य) ने की और संचालन रश्मि मित्तल (मंच संयोजिका एवं सहा० अध्यापिका) ने किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ माँ सरस्वती की वंदना के साथ हुआ।
विषय विशेषज्ञ के रूप में विज्ञान संचारक एवं भौतिक विज्ञान प्रवक्ता अजय कुमार मित्तल ने विद्यालय के कक्षा ५ से ८ तक के लगभग १०० से अधिक बच्चों को रामानुजन के साथ साथ अनेक भारतीय गणितज्ञों आर्यभट्ट, भास्कराचार्य, ब्रह्मगुप्त, श्रीधर, बौधायन और वैदिक गणित के जनक भारती कृष्णतीर्थ आदि के योगदान से परिचित कराया।
संयोजिका रश्मि मित्तल के नेतृत्व में १२ बच्चों आरती, साक्षी, शिवानी, बेबी, आलोक, रुद्रांश, राहुल, ख़ुशी, प्रियांश, विनीता, बेरहमी और संस्कार ने बारी बारी से श्री रामानुजन के जीवन परिचय और उनसे जुड़ी घटनाओं पर क्रम से प्रकाश डाला। उनकी प्रस्तुति की सभी ने करतल ध्वनि के साथ प्रशंसा की। रश्मि मित्तल के ही निर्देशन में विद्यालय के ५ बच्चों कार्तिक, सूर्य, गगन, खुशहाल और अर्थ ने ३२ तक के पहाड़े सुनकर सबकी तालियाँ बटोरी।
इसी क्रम में रश्मि मित्तल के ही निर्देशन में लगभग ३५ बच्चों ने रामानुजन का चित्र बनकर एक लघु प्रदर्शनी लगाई जिसकी सभी ने प्रशंसा की।
गणित दिवस के अवसर पर गणितज्ञ अजय मित्तल ने बच्चों को “निखिलम”, “यावदूनम” “ऊर्ध्वतिर्यकभ्याम” जैसे सरल वैदिक सूत्रों द्वारा बड़ी बड़ी संख्याओं के उल्टे-सीधे जोड़, उनकी एक लाइन में गुणा करना और स्वयं अपने उत्तर की जाँच करना सिखाया। एसी गुणा चुटकियों में कुछ ही सेकंड में करके सभी बच्चे अपनी उपलब्धि पर बहुत गौरवान्वित हो रहे थे। उन्होंने बच्चों को केवल मन ही मन में भिन्नों का जोड़ घटा गुणा भाग करना और सरल तरीक़े से बड़ी से बड़ी संख्या का वर्ग निकालना सिखाया और काफ़ी बच्चों ने सही निकाला भी।
विज्ञान संचारक अजय मित्तल ने बच्चों को अंकों से खेलने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से उन्हें थोड़ी सी मन ही मन में गणना करके किसी भी व्यक्ति की जन्म तिथि निकाल कर बताना सिखाया जिससे बच्चों का अंकों के प्रति लगाव देखते ही बनता था। बच्चों के चेहरे की चमक और उनकी शारीरिक हलचल और दिमाग़ी हरकत से स्पष्ट हो रहा था कि सभी बच्चों ने गणित कार्यशाला का भरपूर आनंद उठाया।
अंत में प्रधानाचार्य दिलशाद अली जी ने “सूपर क्लास” का आभार प्रकट करते हुए बच्चों को गणित से न घबराने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर दिलशाद अली, रश्मि मित्तल, मीनू वर्मा, लवलेश, तारा रानी, काजल, अलका, बबीता, और प्रमोद कार्यक्रम को सफल बनाने में उपस्थित थे।


























