हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के नयागांव इनायतपुर में रविवार की देर रात एक भाई ने अपने सगे भाई को मौत के घाट उतार दिया जिससे परिवार में मातम छा गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि व्यक्ति ने अपने सगे भाई की छाती पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी।
गांव निवासी राजेंद्र ने बताया कि मामला रविवार की रात करीब 8:30 बजे का है जब उसके पिता 45 वर्षीय महिपाल घर के बाहर खड़े थे। इसी बीच महिपाल का छोटा भाई टीकम आया और अपने बड़े भाई से गाली-गलौज करने लगा। महिपाल ने जब गाली गलौज का विरोध किया तो टीकम वहां से चला गया। थोड़ी देर बाद टीकम वापस लौटा और रिश्तो को कलंकित कर महिपाल के सीने पर चाकू और ईट से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
हमले के दौरान बुरी तरीके से घायल हुए महिपाल को परिजनों ने आनन-फानन में गढ़मुक्तेश्वर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन तब तक चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस वारदात से परिवार में कोहराम मचा है। स्वजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची जिसने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आगे की जांच में जुट गई है।


























