
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): लायंस क्लब द्वारा डांडिया नाइट का आयोजन किया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में लोगों ने गायक अलीशा अरोड़ा द्वारा गाए गए गीतों पर जमकर डांडिया खेला। इस दौरान लक्की ड्रा के छह विजेताओं को चांदी के 10, 20 और 50 ग्राम के सिक्के उपहार में दिए गए। डीएम अभिषेक पांडेय, एचपीडीए के वीसी डॉ नितिन गौड, ब्रिगेडियर अजय गर्ग, एडीएम संदीप कुमार, एएसपी विनीत भटनागर और संस्था के पदाधिकारियों ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
डीएम अभिषेक पांडेय ने कहा कि सामाजिक संस्थाओं को इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने चाहिए जिससे कि लोग अपनी संस्कृति के बारे में जान सकें। उन्होंने कहा कि जिले के सरकारी स्कूलों में अधिक से अधिक संख्या में सहयोग से कमरों का निर्माण कराया जाए। इस पर क्लब से जुड़े संजय कृपाल व प्रदीप गुप्ता ने कहा कि कम से कम एक कमरे के निर्माण जरूर कराया जाएगा।
वीसी डॉ. नितिन गौड ने कहा कि क्लब द्वारा कई सामाजिक कार्यक्रम चलाएं जा रहे हैं। इसके लिए सभी को पदाधिकारियों की सराहना करनी चाहिए और अन्य लोगों को भी जागरूक करना चाहिए। ब्रिगेडियर अजय गर्ग ने कहा कि हमारी एकता में ही ताकत है। हमारी मन में देश के प्रति सेवा की भी यही भावना रहनी चाहिए। एडीएम संदीप कुमार ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से महिलाओं को समाज में ताकत मिलती है। एएसपी विनीत भटनागर ने कहा कि वर्तमान में मिशन शक्ति का कार्यक्रम चल रहा है जिस प्रकार से बड़ी संख्या में महिलाएं आई हैं, उससे लगता है कि मिशन शक्ति का कार्यक्रम सफल हो रहा है।






























