हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जिला न्यायालय के नए भवन हेतु भूमि की मांग को लेकर शुक्रवार को हापुड़ में अधिवक्ताओं ने जिला कलैक्ट्रेट की ओर पैदल कूच किया और कलैक्ट्रेट पहुंचकर वकीलों ने मांग के समर्थन में धरना देकर प्रदर्शन किया।
हापुड़ बार एसोसिएशन हापुड़ के अध्यक्ष अजीत सिंह चौधरी के आह्वान पर हजारों अधिवक्ता शुक्रवार को न्यायालय परिसर में एकत्र हुए। हाथों में तख्तियां लेकर वकीलों ने न्यायालय परिसर में पैदल मार्च निकाला । तख्तियों पर जिला न्यायालय के लिए भूमि लेकर रहेंगे, वकील एकता जिंदाबाद के नारे लिखे थे। जब यह पैदल मार्च एसएसवी कालेज के निकट पहुंचा तो कुछ वकील सड़क पर लेट गए और मांग पूरी न होने पर विरोध व्यक्त किया।
हापुड़ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजीत सिंह चौधरी ने बताया कि पुराने कचहरी स्थल पर स्थान के अभाव में हापुड़ में अलग-अलग चार स्थानों पर न्यायालय चल रहे है और अधिवक्ताओं के लिए चैम्बर आदि की कोई व्यवस्था नहीं है। अलग-अलग स्थान पर न्यायालय होने के कारण वकीलों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। एसोसिएशन की मांग है कि जिला न्यायालय के लिए नए भवन हेतु का चयन किया जाए।
अधिवक्ताओं ने जिला कलैक्ट्रेट पर पहुंच कर धरना देकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। अधिवक्ताओं ने कहा कि एसोसिएशन मांग को लेकर प्रशासनिक व जनप्रतिनिधियों को अनेक बार ज्ञापन दे चुकी है, परंतु उनकी मांग पर कोई ध्यान देने को तैयार नही है। अधिवक्ताओं ने मांग के समर्थन में एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी विवेक यादव को दिय।





























