हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : ज्येष्ठ दशहरा के अवसर पर जनपद हापुड़ की तीर्थ नगरी गढ़मुक्तेश्वर में स्थित ब्रजघाट पर भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा. दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने गुरुवार को गंगा स्नान कर दीपदान किए और गरीबों को भोजन व वस्त्र आदि दान किए. ज्येष्ठ गंगा दशहरा पर आस्था की डुबकी लगाने के लिए श्रद्धालु हापुड़, अमरोहा समेत विभिन्न जनपदों व दिल्ली, पंजाब-हरियाणा समेत कई राज्यों से ब्रजघाट पहुंचे. आस्था के सैलाब को देखते हुए जगह-जगह पार्किंग की व्यवस्था की गई. साथ ही पुलिस ने रूट भी डायवर्ट किया. ज्येष्ठ दशहरा के दिन आस्था की डुबकी लगाई के लिए भक्त बुधवार को ही तीर्थ नगरी पहुंच गए जहां बुधवार की देर शाम तक बृजघाट में ढाई लाख से अधिक भक्तों ने अपना डेरा जमा लिया. लाखों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया. ऐसी मान्यता है कि ज्येष्ठ दशहरा के दिन गंगा में डुबकी लगाने वाले पापों से मुक्त हो जाते हैं और गरीब निराश्रितों को भोजन-वस्त्र का दान करने वालों को संतान प्राप्ति की कामना पूर्ण होती है. ब्रह्मकाल में प्रातः 4:00 बजे श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान शुरू कर दिया जो सूर्यास्त तक जारी रहेगा.
कहा जाता है कि जेष्ठ शुक्ल दशमी के दिन मां गंगा का पृथ्वी पर अवतरण हुआ था जिसके बाद राजा भागीरथ के पूर्वजों का उद्धार हुआ था और उन्हें मुक्ति मिली. यह भी कहा जाता है कि इस दिन गंगा पूजा करने से भगवान विष्णु प्रश्न होते हैं.
































