हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): सियासत के गलियारे में राजनेता जमकर राजनीति कर रहे हैं। इसी बीच पिलखुवा नगर पालिका परिषद के भाजपा से चेयरमैन पद के प्रत्याशी विभु बंसल के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन पर 2017 में चुनावी मैदान में भाजपा के टिकट पर उतरी लज्जा रानी गर्ग का दर्द सामने आया जिन्होंने अपनी हार का ठीकरा एक केंद्रीय मंत्री पर फोड़ा है। लज्जा रानी गर्ग ने बुधवार को पहले तो मंच से कहा कि उस गलती को मत दोहराना। इसी के साथ आगे बढ़ते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्याशी अपने बलबूते पर ही चुनाव लड़े। मंच से उतरकर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता पर जमकर निशाना साधा।
आपको बता दें कि साल 2017 के निकाय चुनाव में लज्जा रानी गर्ग भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर पिलखुवा नगर पालिका परिषद के चेयरमैन पद पर प्रत्याशी के रूप में उतरी जिन्हें 9828 मत मिले जबकि गीता गोयल स्वतंत्र जनता राज पार्टी के टिकट पर चुनावी रण में उतरी जिन्हें 9836 वोट मिले। गीता गोयल ने 8 वोटों से लज्जा रानी गर्ग को हरा दिया जिसके पश्चात 27 मार्च 2019 को गीता गोयल ने केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह की मौजूदगी में भाजपा का दामन थामा। आगामी निकाय चुनाव को लेकर सियासत तेज हो गई हैं। धीरे-धीरे बयानों के हमले हो रहे हैं। अब लज्जा रानी गर्ग ने अपनी हार का ठीकरा केंद्रीय मंत्री पर फोड़ा है। इससे भाजपा में अंदरूनी कलह नजर आ रही है।





























