हापुड़,सीमन/सूवि (ehapurnews.com): जिलाधिकारी श्री अनुज सिंह की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की मासिक बैठक गुरुवार को कलैक्ट्रेट पर आयोजित की की गई। जिलाधिकारी द्वारा स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत बिंदुवार प्रत्येक स्वास्थ्य योजना की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत मां एवं बच्चे को गुणवत्ता पूर्ण ट्रीटमेंट देकर दोनों को अलग-अलग पेशेंट मानते हुए सुविधाएं दी जाएं तथा जिन प्रभारी चिकित्साधिकारियों की औसत प्रगति रिपोर्ट धीमी पाई गई उन को चेतावनी देते हुए सुधार करने के निर्देश दिए। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि कोविड-19 टीकाकरण 13 क्लस्टर में बांटकर किया गया है जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी चिकित्सा अधिकारियों को कोविड-19 के टीकाकरण का लक्ष्य प्रदान करें। सीएचसी प्रभारी गढ़मुक्तेश्वर व सिंभावली को कम टीकाकरण होने पर निर्देशित किया कि टीकाकरण में प्रगति लाएं कोविड-19 वैक्सीनेशन में जनपद की रैंक बढ़ाएं उन्होंने कहा कि सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारी व खंड विकास अधिकारी समन्वय बनाकर कार्य करें। जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि गांव की खुली बैठकों में कोविड-19 के टीके हेतु लोगों को जागरूक करें। गांव में जहां पर संयुक्त परिवार रहते हैं उनका विशेष ध्यान रखा जाए सभी आशाओं के पास ड्यू लिस्ट होनी आवश्यक है। कन्या सुमंगला योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि आपके यहां जितने भी लंबित आवेदन है उनको जल्द से जल्द फीड कराएं लक्ष्य पूर्ण करने हेतु कन्या सुमंगला के पंजीकरण तेजी से कराए जाएं। जननी सुरक्षा योजना, मातृ वंदना योजना एवं आशा का भुगतान न किए जाने के संबंध में जिलाधिकारी ने सीएमओ को निर्देशित किया। उन्होंने एक सप्ताह के अंदर स्वास्थ्य विभाग की लाभार्थीपरक योजना से संबंधित अभियान चलाकर पात्र लाभार्थी का भुगतान एवं आशा का भुगतान नियमतः करना सुनिश्चित करें। ऐसे प्रभारी चिकित्सा अधिकारी जो समय पर भुगतान न करने एवं लापरवाही करते हुए पाए जाएं उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। अंधता निवारण के लिए कैंप लगाकर चश्मा वितरण कार्यक्रम कराएं । उन्होंने कहा कि पीएम जन आरोग्य योजना गोल्डन कार्ड आयुष्मान कार्ड योजना का लक्ष्य पूरा किया जाए तथा कैंप लगाकर ज्यादा से ज्यादा कार्ड बनाते हुए लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाया जाना सुनिश्चित किया जाए। प्रतिदिन न्यूनतम 10-10 कार्ड अवश्य बनाए जाएं। बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी उदय सिंह ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिलाधिकारी द्वारा बैठक में जो भी निर्देश दिए गए हैं सभी अधिकारी अपने दायित्वों का पालन भली प्रकार करें। आपस में कम्युनिकेशन गैप ना रखें समन्वय बनाकर ही कार्य करे।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी विशाल यादव, सीएमओ डॉ रेखा शर्मा, एसीएमओ प्रवीण शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित समस्त सीएचसी /पीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी मौजूद रहे।
चर्मरोग, एलर्जी के इलाज के लिए कॉल करें: डां. शिशिर गुप्ता: M.B.B.S ,MD 9837509509























