हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के कोटला सादात में एक चार साल का मासूम मंगलवार को बोरवेल में गिर गया जिससे क्षेत्र में अफरातफरी की स्थिति बन गई। मामले की जानकारी मिलने पर डीएम हापुड़, एसपी हापुड़, एसडीएम, सीएमओ, सीएफओ आदि घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। वहीं एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। वहीं रेस्क्यू ऑपरेशन में आ रही परेशानी को दूर करने के लिए पास मौजूद एक दीवार को भी जेसीबी मशीन की मदद से तोड़ा गया।
चार वर्षीय माऊ उर्फ माविया पुत्र मोहसीन सुनने में असमर्थ है जोकि खेलते-खेलते बोरवेल में जा गिरा। बताया जा रहा है कि 35 साल पहले नगर पालिका द्वारा नलकूप लगाया गया था लेकिन 10 वर्षों से इसका इस्तेमाल नहीं हो रहा और बोरवेल का मुंह लापरवाहों ने खुला छोड़ दिया जिसके चलते यह हादसा हुआ।
चार वर्षीय बालक की बोरवेल में गिरने की जानकारी मिलने पर हापुड़ की जिला अधिकारी समेत सभी विभागों के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और बच्चे को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया जिसके लिए एनडीआरएफ की टीम का सहारा लिया जा रहा है। एनडीआरएफ की टीम भी पूरी तैयारी के साथ मौके पर पहुंची। यह घटना मंगलवार की सुबह करीब 10:30 बजे की है जहां चार वर्ष का माऊ करीब 40 से 50 फीट गहरे बोरवेल में जा गिरा। माऊ तक ऑक्सीजन सिलेंडर के माध्यम से ऑक्सीजन पहुंचाई जा रही है। साथ ही कैमरे की मदद से पल-पल की गतिविधि पर एनडीआरएफ ने नजर रखी हुई है जिसमें बालक को रोते हुए देखा गया। एनडीआरएफ की टीम बालक को बाहर निकालने के लिए हर संभव कदम उठा रही है। वहीं क्षेत्र में स्थानीय लोग घरों की छत पर चढ़ गए और रेस्क्यू ऑपरेशन को देखने लगे।




























