हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के आलमनगर में एक कांवड़िए की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मामले की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक कांवड़िए की पहचान 38 वर्षीय नवीन पुत्र बहादुर सिंह निवासी जहांगीरावाद बुलंदशहर के रूप में हुई है.
बता दें कि नवीन बुलंदशहर के शास्त्री नगर में रह रहा था. वह अपने सात साथियों के साथ 24 फरवरी को हरिद्वार के लिए निकला था. 25 फरवरी को शिव भक्त कावड़ लेकर हरिद्वार से निकले. सोमवार को जब नवीन अपने साथियों के साथ बहादुरगढ़ के आलमनगर में स्थित वृद्धाश्रम पर रुका और स्नान कर आगे बढ़ने लगा तो वह अचानक गिर गया. अन्य साथियों ने नवीन को उठाने का प्रयास किया और मामले की सूचना पुलिस को दी. सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से नवीन को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. प्रथम दृष्टया मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है.
बता दें कि नवीन के माता-पिता का देहांत पहले ही हो चुका है. नवीन का एक छोटा भाई रवि है. नवीन अपनी पत्नी आशा देवी और दो बच्चे के साथ रहता था जिनके नाम 11 वर्षीय वंशिका और नौ वर्षीय चिराग है. नवीन की मौत से परिवार में कोहराम मचा है.
कम से कम ब्याज पर लोन लेने के लिए संपर्क करें: 9756129288





























