हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): लोक जनशक्ति पार्टी के वरिष्ठ नेता और भूतपूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के नजदीकी जोगिंदर सिंह की बुधवार की रात करीब 10:30 बजे दूसरी मंजिल से गिरने के चलते मौत हो गई जिससे परिवार में शोक की लहर है. प्रेमपुरा निवासी जगदीश माकन ने बताया कि हरजसपुरा निवासी जोगिंदर सिंह बुधवार की रात को अपने घर की दूसरी मंजिल पर अलमारी चला रहे थे. इसी दौरान वह सर के बल दूसरी मंजिल से नीचे गिर गए. लहूलुहान हालत में उन्हें हापुड़ की गढ़ रोड पर स्थित देवनंदन अस्पताल में भर्ती कराया जहां से गंभीर अवस्था के चलते उन्हें मेरठ के लिए रेफर कर दिया. मेरठ में चिकित्सकों ने जोगिंदर सिंह को मृत घोषित कर दिया. सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.जोगिंदर सिंह की मौत से परिवार में कोहराम मचा है. वहीं लोक जनशक्ति पार्टी के पदाधिकारियों और नेताओं में भी शोक की लहर है. जोगिंदर सिंह की मौत से राजनीति गलियारे में बड़ी क्षति मानी जा रही है.




























